गंभीर रूप से घायल महिला को हेली सेवा से किया एम्स को रेफर
चारापत्ती काटते हुए पेड़ से गिरी महिला, गंभीर रूप से हुई घायल, हैली सेवा से एम्स किया रेफर
कोटद्वार। सतपुली तहसील अंतर्गत ग्राम मलेठी में चारापत्ती काटने के दौरान एक महिला अचानक पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गयी। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल हेली सेवा के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. शिव मोहन शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम मलेठी निवासी शर्मिला देवी (40 वर्ष) पशुओं के लिए पेड़ से चारापत्ती काट रही थी। इस दौरान वह अचानक पेड़ से गिर कर घायल हो गई। परिजनों द्वारा स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें प्राथमिक उपचार हेतु तत्काल नजदीकी हंस अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर करने का निर्णय लिया।
हंस अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक घायल महिला की कमर में गंभीर चोट आई हैं। घायल महिला की स्थिति को देखते हुए तत्काल हेली सेवा हेतु संपर्क किया गया। आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला के समन्वय एवं सक्रिय प्रयासों से हायर सेंटर हेतु हैली सेवा हंस अस्पताल चमोलीसैण पहुंची। जहां से घायल महिला को एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
राज्य आंदोलनकारियों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, बताइ ये समस्याएं