एनडीपीएस एक्ट में सजा काट रहे कैदी की मौत
केंद्रीय कारागार सितारगंज के कैदी का निधन
तहसीलदार हिमांशु जोशी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया
सितारगंज, केंद्रीय कारागार सितारगंज में एनडीपीएस एक्ट में 12 वर्ष की सजा काट रहे एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर उसे उप जिला अस्पताल सितारगंज ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में तहसीलदार हिमांशु जोशी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। जानकारी के अनुसार सोनीपत (हरियाणा) निवासी 50 वर्षीय आनंद सिंह पिछले चार वर्षों से केंद्रीय कारागार सितारगंज में बंद था। जेल कर्मचारी नवीन चंद्र के मुताबिक सोमवार दोपहर उसे अचानक लो बीपी और एसिडिटी की शिकायत हुई। इस पर जेल में तैनात फार्मासिस्ट अंकुर ने उसे प्राथमिक उपचार दिया।
हालत में सुधार न होने पर देर रात उसे उप जिला अस्पताल सितारगंज ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मंगलवार को परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का कहना है कि सोमवार को ही उनकी उससे आखिरी बार बातचीत हुई थी और उसे पहले किसी तरह की गंभीर बीमारी नहीं थी और न ही उसका कोई इलाज चल रहा था। उधर, अस्पताल के सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे कैदी को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
जीवनदायिनी जड़ी बूटियों से आच्छादित है आस्था का यह परमधाम