रेल जन संवाद का आयोजन
विशेष स्वच्छता कैम्पेन 6.0 के अंतर्गत इज्जतनगर मंडल के स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ आयोजित।
बरेली,। भारतीय रेल द्वारा 02 से 31 अक्टूबर, 2026 तक संचालित विशेष कैम्पेन 6.0 के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्वच्छता सुनिश्चित करने, यात्री सुविधाओं में सुधार लाने तथा जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल के 42 प्रमुख स्टेशनों सहित अन्य स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसी क्रम में आज मुख्यालय गोरखपुर से आए प्रमुख विभागाध्यक्षों एवं इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने बरेली सिटी रेलवे स्टेशन पर तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार ने काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से सीधे संवाद किया। इसके अतिरिक्त मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर नामित अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों ने यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं की जानकारी प्राप्त की।
बरेली सिटी रेलवे स्टेशन पर रेल जन संवाद कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने मंडल के शाखाधिकारियों के साथ यात्रियों से संवाद स्थापित कर स्टेशन परिसर की स्वच्छता, पेयजल, खानपान एवं अन्य यात्री सुविधाओं के संबंध में फीडबैक और सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने यात्रियों को आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाकर यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि रेलवे परिसरों एवं रेलपथ के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरे के उचित निस्तारण तथा ई-कचरे के प्रभावी संग्रह, पृथक्करण और सुरक्षित निपटान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक बनाने तथा कबाड़ के अधिकाधिक पुनर्चक्रण को प्रोत्साहित करने के लिए ‘वेस्ट टू वंडर’ जैसी नवाचारी पहलों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत काठगोदाम, लालकुआं, हल्द्वानी, काशीपुर, रामनगर, रुद्रपुर सिटी, बहेड़ी, पीलीभीत, बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा छावनी, फतेहगढ़, फर्रुखाबाद, कन्नौज, टनकपुर, उझानी, पूरनपुर, किच्छा, भोजीपुरा, गुरसहायगंज, बिजौरिया, सोरों शूकर क्षेत्र, बिल्हौर, पंतनगर, शाहजहांपुर, बीसलपुर, कमालगंज, गंजडुंडवारा, रुदायन, बिलासपुर, पीपलसाना, पटियाली, सहावर टाउन, इज्जतनगर, देवरनियां, सिकंदराराव, बाजपुर, खटीमा, बितरोई सहित मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी रेल अधिकारियों द्वारा यात्रियों से संवाद किया गया।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को स्वच्छता संबंधी शिकायतें, यात्रा के अनुभव तथा यात्री सुविधाओं में सुधार से जुड़े सुझाव साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। यात्रियों से प्राप्त फीडबैक के माध्यम से स्वच्छता व्यवस्था की कमियों की पहचान कर आवश्यक सुधार करने तथा रेलवे सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
इज्जतनगर मंडल द्वारा ‘रेल जन संवाद’ के माध्यम से यात्रियों के साथ प्रत्यक्ष संपर्क स्थापित कर उनकी अपेक्षाओं को समझने, शिकायतों के समाधान तथा स्वच्छ एवं बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए उनकी रेल यात्रा को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुखद बनाना है।
जनसंपर्क अधिकारी
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर


जारी है पर्यावरण विद डॉक्टर आशुतोष पंत का पर्यावरण संरक्षण अभियान