पुलिस ने चरस बेच रही महिला को दबोचा
यमुनोत्री हाईवे पर 709 ग्राम चरस के साथ महिला अभियुक्ता गिरफ्तार
एसपी कमलेश उपाध्याय ने टीम को 2500 रुपये नकद पुरस्कार से किया सम्मानित
बड़कोट पुलिस की सटीक कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
उत्तरकाशी।
जनपद में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तरकाशी पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली बड़कोट पुलिस की टीम ने यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चैकिंग के दौरान 709 ग्राम चरस के साथ एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है।
नशामुक्त अभियान एवं “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपद भर में अवैध नशे के खिलाफ सघन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में कोतवाली बड़कोट पुलिस टीम ने 22 फरवरी 2026 की देर सायं यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पालीगाड़ के समीप चैकिंग के दौरान 56 वर्षीय उमा देवी को संदिग्ध अवस्था में रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 709 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर महिला अभियुक्ता के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद चरस किस स्रोत से लाई गई और इसे कहां खपाने की योजना थी।
बरामद माल की सूची में 709 ग्राम चरस शामिल है कार्रवाई में उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह रावत, कांस्टेबल गौरव, चालक कांस्टेबल जयपाल और महिला कांस्टेबल कविता शामिल रहे।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए एसपी कमलेश उपाध्याय ने टीम को 2500 रुपये के नकद पारितोषिक से सम्मानित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक करीब दो माह की अवधि में एनडीपीएस एक्ट के 5 मामलों में 6 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने इस दौरान 6.5 लाख रुपये कीमत की 3 किलोग्राम से अधिक चरस बरामद की है। पुलिस का चैकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सीमावर्ती क्षेत्रों सहित प्रमुख मार्गों पर निगरानी और तेज की जाएगी।