सत्य निष्ठा से समृद्धि पर रेलवे ने किया जागरूकता अभियान

ख़बर शेयर करें

‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर सतर्कता जागरूकता सेमिनार का आयोजन

 केन्द्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) द्वारा 17 अगस्त 2026 से 16 नवंबर 2026 तक चलाए जा रहे विशेष सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल में आज मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा की अध्यक्षता में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ (Probity for Prosperity) थीम पर सतर्कता जागरूकता सेमिनार का आयोजन मंडल कार्यालय के सभा कक्ष में किया गया।
सेमिनार में मुख्यालय, गोरखपुर से आए उप मुख्य सतर्कता अधिकारी/सिग्नल एवं दूरसंचार श्री अमित कुमार, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी/यांत्रिक श्री निकुंज सक्सेना, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी/विद्युत श्री अजय ऋषि, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी/भंडार श्री के.सी. सिंह तथा उप मुख्य सतर्कता अधिकारी/यातायात श्री आशीष कुमार त्रिपाठी ने अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों में सतर्कता बरतने, प्रक्रियाओं के अनुपालन तथा कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
वक्ताओं ने विशेष रूप से टेंडर एवं खरीद संबंधी कार्यों में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं की पूर्ण जानकारी रखने तथा उनका अनुपालन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। साथ ही, कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रक्रियाओं एवं सिस्टम में आवश्यक सुधारों से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी सार्थक चर्चा की गई।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि सतर्कता केवल किसी विशेष अभियान अथवा अवधि तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी के दैनिक कार्य व्यवहार का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, पारदर्शिता, निष्पक्षता, जवाबदेही और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन कार्य संस्कृति की मजबूत नींव हैं। इन मूल्यों को अपनाकर न केवल रेलवे की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं विश्वसनीय बनाया जा सकता है, बल्कि संगठन के प्रति यात्रियों एवं आमजन का विश्वास भी और मजबूत किया जा सकता है।
इसके पश्चात अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार ने गोरखपुर से आए सतर्कता अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सतर्क एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली से रेलवे की सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार होता है तथा यात्रियों एवं आमजन के बीच रेलवे के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ होता है।
इस अवसर पर सेमिनार में मंडल के समस्त शाखाधिकारी, टेंडर एवं खरीद संबंधी कार्यों से जुड़े पर्यवेक्षक तथा कर्मचारी उपस्थित थे।

जनसंपर्क अधिकारी
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर