दिव्यांग भुवन के जज्बे को सलाम, हल्दूचौड़ निवासी भुवन ने राष्ट्रीय स्तर पर किया नाम रोशन,

ख़बर शेयर करें

राष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी भुवन गुणवंत ने एक बार फिर लहराया परचम__

उत्तराखंड के नैनीताल जनपद स्थित हल्दूचौड़ निवासी भुवन चंद्र गुणवंत ने एक बार फिर से अपने जज्बे एवं मेहनत के बल पर साबित कर दिया कि इंसान यदि ठान ले तो किसी भी चुनौती को मात दे सकता है। 100% दिव्यांग राष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी भुवन गुणवंत ने एक बार फिर से अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।भुवन गुणवंत ने आसाम के गुवाहाटी में दिनांक 26, 27 एवं 28 मार्च 2026 को आयोजित द्वितीय पैरा लॉन बॉल राष्ट्रीय चैंपियनशिप (2025-26) में प्रतिभाग करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता पैरालंपिक कमेटी ऑफ़ इंडिया (पी सी आई) के तत्वावधान में, पैरा इंडियन लॉन बॉल्स फेडरेशन के सहयोग से तथा ऑल असम पैरा लॉन बॉल्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित की गई थी, जिसकी राष्ट्रीय स्तर पर आधिकारिक मान्यता है। इस प्रतियोगिता में उन्होंने
ट्रिपल स्पर्धा में रजत पदक (द्वितीय स्थान) तथा डबल्स स्पर्धा में कांस्य पदक (तृतीय स्थान) प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। बताते चले कि गुणवंत जी इससे पूर्व भी अनेक राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय स्तरीय पैरा खेलों में प्रतिभाग कर कई प्रशस्ति पत्र एवं पदक अपने नाम कर चुके हैं। वे एक कुशल पैरा तैराक होने के साथ-साथ व्हीलचेयर बैडमिंटन एवं गोला फेंक (शॉट पुट) के भी उत्कृष्ट खिलाड़ी हैं। उनकी इस बहुमुखी प्रतिभा और निरंतर उपलब्धियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि शारीरिक चुनौतियाँ सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बनतीं, बल्कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है उनका जीवन संघर्ष और सफलता की एक प्रेरणादायक मिसाल है। भुवन चंद्र गुणवंत की इस उपलब्धि पर उनके परिवार जनों के साथ-साथ क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों,जनप्रतिनिधियों एवं राष्ट्रीय संगठन सक्षम में हर्ष का माहौल है। सभी ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह सफलता न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा स्रोत है।