शिक्षा निदेशालय में हुए मारपीट प्रकरण में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उबाल, इस विधायक का मांगा इस्तीफा
शिक्षा अधिकारी प्रकरण और ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, भाजपा सरकार का फूंका पुतला — विधायक काऊ के इस्तीफे की उठी मांग।
लालकुआं | देहरादून में निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय कुमार नौटियाल के साथ हुई कथित मारपीट की घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति लगातार गरमाती जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को लालकुआं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया और भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ के इस्तीफे की मांग उठाई।
हाट बाजार स्थित मुख्य चौराहे पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। कांग्रेस ने शिक्षा अधिकारी प्रकरण के साथ-साथ भारत-अमेरिका ट्रेड डील तथा मनरेगा में प्रस्तावित बदलावों को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील देश की कृषि व्यवस्था और छोटे व्यापारियों के हितों के खिलाफ है। वक्ताओं ने कहा कि यह समझौता छोटे, सीमांत एवं मध्यम किसानों को असमान प्रतिस्पर्धा में धकेल सकता है, जिससे देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता प्रभावित होगी। उन्होंने केंद्र सरकार से इस डील को तत्काल वापस लेने की मांग की।
वहीं देहरादून में निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय कुमार नौटियाल के साथ कथित मारपीट की घटना को लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा विधायक और उनके समर्थकों द्वारा सरकारी कार्यालय में जाकर अभद्र व्यवहार किया गया, जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक वरिष्ठ अधिकारी ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा संबंधित विधायक को तत्काल पद से हटाया जाए। चेतावनी दी गई कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष भुवन पांडे, महामंत्री शाहिद सिद्दीकी, पीसीसी सदस्य हरेंद्र सिंह बोरा, बीना जोशी, व्यापारी नेता नरेश चौधरी, कुंदन सिंह मेहता, कमलेश यादव ,मीना कपिल, गुरदयाल सिंह मेहरा, कार्यकर्ता मौजूद रहे