हल्द्वानी में पत्रकारों ने की एस एस पी से मुलाकात, तथाकथित पत्रकार के खिलाफ कार्रवाई की मांग
हल्द्वानी, 22 अप्रैल 2026।
हल्द्वानी में बुधवार को श्रमजीवी पत्रकार यूनियन उत्तराखंड की जिला इकाई के पदाधिकारियों और क्षेत्र के पत्रकारों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी से मुलाकात कर पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष सर्वेन्द्र बिष्ट और जिला महामंत्री भूपेंद्र रावत के नेतृत्व में पहुंचे पत्रकारों ने एसएसपी कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर अपनी चिंताएं साझा कीं। इस दौरान एक प्रार्थना पत्र भी सौंपा गया, जिसमें तथा कथित पत्रकार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। पत्रकारों का आरोप है कि उक्त व्यक्ति स्वयं को पत्रकार बताकर अनुचित गतिविधियों में लिप्त है और कुछ दिन पूर्व बुद्ध पार्क में एक प्रिंट मीडिया पत्रकार के साथ अभद्रता भी की गई।
पत्रकारों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूब चैनल संचालक व्यक्तिगत लाभ और लोकप्रियता के लिए पत्रकारों के खिलाफ भ्रामक, अपमानजनक और असत्य सामग्री प्रसारित कर रहे हैं, जिससे पत्रकारिता की विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में पत्रकार यूनियन ने प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स और यूट्यूब चैनलों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करना, भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश जारी करना और पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाना शामिल है।
इस पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर भ्रामक और अपमानजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीआरएम रेलवे ने रेल यात्रियों आम जनता एवं किसानों से की यह अपील