प्रांतीय उद्योग-व्यापार मंडल ने कल के प्रदेश बंद को किया निरस्त, सीबीआई संस्तुति के बाद लिया फैसला
अंकिता हत्याकांड पर सीबीआई जांच की संस्तुति के बाद 11 जनवरी का प्रदेश बंद निरर्थक : प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल
हल्द्वानी।
देवभूमि उत्तराखंड में नारी को देवी के रूप में पूजा जाता है। हमारे संस्कार नारी सम्मान, मर्यादा और गरिमा की शिक्षा देते हैं। ऐसे पवित्र प्रदेश में किसी बेटी के साथ हुई दरिंदगी न केवल अत्यंत शर्मनाक है, बल्कि यह पूरे उत्तराखंड के लिए कलंक समान है। इस जघन्य अपराध की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है।
उत्तराखंड राज्य को शर्मसार करने वाले अंकिता हत्याकांड ने जनमानस को गहरे आघात पहुंचाया है। इस प्रकरण में किसी वीआईपी की संभावित संलिप्तता को लेकर उठे सवालों के कारण प्रदेशभर में आक्रोश का वातावरण बना। सामाजिक संगठनों, महिला संगठनों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा सीबीआई जांच की मांग को लेकर लगातार आंदोलन और प्रदर्शन किए जा रहे थे।
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड की प्रदेशभर में 383 नगर इकाइयां कार्यरत हैं। प्रदेश बंद जैसे आंदोलनों को सफल बनाने में व्यापार मंडल की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। इसी क्रम में 11 जनवरी को प्रस्तावित प्रदेश बंद को लेकर सामाजिक एवं महिला संगठनों द्वारा व्यापार मंडल से सहयोग के लिए निरंतर संपर्क किया जा रहा था। इस विषय पर संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों द्वारा भी गंभीर मंथन किया गया।
किन्तु, कल सायं प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा अंकिता हत्याकांड की निष्पक्ष जांच हेतु सीबीआई जांच की संस्तुति किए जाने के बाद अब 11 जनवरी को प्रस्तावित प्रदेश बंद का कोई औचित्य शेष नहीं रह जाता है।
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अपने सभी पदाधिकारियों एवं नगर इकाइयों से अपील करता है कि किसी भी प्रकार के भ्रम में न रहें और 11 जनवरी को अपने प्रतिष्ठान पूर्व की भांति सामान्य रूप से खुले रखें।
साथ ही, संगठन सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से भी विनम्र अपील करता है कि इस विषय पर अब व्यापार मंडल से बंद के लिए संपर्क न किया जाए।
नवीन चन्द्र वर्मा
प्रदेश अध्यक्ष
प्रमोद गोयल
कार्यकारी अध्यक्ष
राजेश अग्रवाल
कोषाध्यक्ष
नवनीत राणा
संयुक्त महामंत्री
विपिन गुप्ता
जिलाध्यक्ष, नैनीताल
नशीले इंजेक्शनों के साथ कुख्यात तस्कर गिरफ्तार