रेलवे ने मनाया अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस

ख़बर शेयर करें


बरेली, 09 जून 2026: पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार की उपस्थिति में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ. हरीश रेडतौलिया के निर्देशन में आज ‘‘अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस’’ के अवसर पर कारखाना गेट स्थित समपार संख्या 237/बी-1 सहित मंडल के विभिन्न समपारों पर संरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों द्वारा समपारों पर संरक्षा संबंधी नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। नागरिक सुरक्षा संगठन एवं रेल कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से समपार उपयोगकर्ताओं को पम्पलेट, हैंडबिल तथा वाहनों पर लगाए जाने वाले जागरूकता स्टिकर वितरित कर समपार पार करते समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर इंजीनियरिंग एवं परिचालन विभाग के गेटमैनों को रेल संरक्षा नियमों की जानकारी देकर उनका काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। साथ ही मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर पर्यवेक्षकों द्वारा संरक्षा श्रेणी के कर्मचारियों को सुरक्षित रेल संचालन से संबंधित नियमों एवं प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया।
मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने सड़क उपयोगकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि रेलवे ट्रैक पार करते समय केवल निर्धारित समपार, फुटओवर ब्रिज अथवा अंडरपास का ही उपयोग करें। जल्दबाजी में अनधिकृत स्थानों से रेलवे लाइन पार करना अत्यंत जोखिमपूर्ण एवं जानलेवा हो सकता है। उन्होंने समपार पर तैनात गेटमैनों पर फाटक खोलने के लिए अनावश्यक दबाव न बनाने तथा ट्रेन गुजर जाने के उपरांत फाटक खुलने पर ही सावधानीपूर्वक समपार पार करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी कहा कि समपार बंद होने की स्थिति में साइकिल अथवा दोपहिया वाहन को बूम के नीचे से निकालने का प्रयास न करें। सदैव यह स्मरण रखें कि आपके परिजन आपकी सुरक्षित घर वापसी की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
अभियान के दौरान समपार उपयोगकर्ताओं को संरक्षा संबंधी पम्पलेट एवं हैंडबिल वितरित कर समपार पार करने के सुरक्षित तरीकों एवं नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर मंडल के समस्त शाखा अधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित थे।
कृते जनसंपर्क अधिकारी
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर