रेलवे ने शुरू किया स्वच्छता से स्वागत अभियान
बरेली, । रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार तथा मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल में “स्वच्छता से स्वागत” अभियान के अंतर्गत ईएनएचएम विभाग द्वारा व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान के तहत इज्जतनगर, बरेली सिटी, काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआँ, रुद्रपुर सिटी, काशीपुर, रामनगर, टनकपुर, कासगंज, हाथरस, फर्रुखाबाद, कन्नौज तथा पीलीभीत सहित विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अनेक गतिविधियाँ संचालित की गईं।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों, अनुरक्षण, डिपो, रनिंग रूम तथा रेलवे रेलवे चिकित्सालय एवं हेल्थ यूनिटों सहित सभी रेल परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर गहन साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को सूखे एवं गीले कचरे के पृथक्करण, निर्धारित डस्टबिनों के उपयोग तथा स्वच्छ परिवेश बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के अंतर्गत स्टेशनों पर “स्वच्छता से स्वागत” विषय पर नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता रैलियाँ, जन-जागरूकता अभियान, पोस्टर, बैनर एवं डिजिटल संदेशों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश प्रसारित किया गया। इसके अतिरिक्त स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्वच्छता संबंधी जिंगल एवं उद्घोषणाएँ प्रसारित की गईं तथा सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में कार्यरत ईएनएचएम स्टाफ, ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग, ऑनबोर्ड लिनेन वितरण स्टाफ द्वारा यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण लिनेन उपलब्ध कराने तथा उनसे प्राप्त फीडबैक के आधार पर सेवाओं में निरंतर सुधार करने पर भी विशेष बल दिया गया।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के लिए स्थानीय निकायों एवं अधिकृत एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया।
इज्जतनगर मंडल में रेल कर्मचारियों, सफाई मित्रों, तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता से “स्वच्छता से स्वागत” अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे का इज्जतनगर मंडल “स्वच्छता से स्वागत” के संकल्प को साकार करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल वातावरण उपलब्ध कराने हेतु निरंतर तत्पर है।
कृते जनसंपर्क अधिकारी
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर
शिव आराधना का प्रमुख स्थल है बिंदुखत्ता का बिंदेश्वर महादेव मंदिर