रामनगर देहरादून पाक्षिक स्पेशल ट्रेन का शुभारंभ
बरेली, 18 जुलाई, 2026: माननीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, भारत सरकार श्री अश्विनी वैष्णव तथा माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड, श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से माननीय सांसद (लोकसभा) हरिद्वार श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, माननीय सांसद (लोकसभा) टिहरी गढ़वाल श्री अनिल बलूनी तथा माननीय विधायक रामनगर श्री दीवान सिंह बिष्ट की गरिमामयी उपस्थिति में रामनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह से उद्घाटन विशेष गाड़ी संख्या 05014 को हरी झंडी दिखाकर गाड़ी संख्या 15310/15309 रामनगर–देहरादून–रामनगर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस का शुभारंभ किया।
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल देश के समग्र विकास की सशक्त आधारशिला बन रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में रेल संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए केंद्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है तथा नई रेल सेवाएं प्रदेश के आर्थिक विकास, पर्यटन, व्यापार और जनसुविधाओं को नई गति प्रदान करेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस कुमाऊं और गढ़वाल के बीच एक सशक्त रेल कड़ी सिद्ध होगी तथा छात्रों, किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में मुरादाबाद एवं हरिद्वार रेलखंड पर अत्यधिक परिचालन दबाव होने के कारण उत्तराखंड को नई रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने में चुनौतियां हैं, किंतु इन रेलखंडों की क्षमता वृद्धि का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। कार्य पूर्ण होने के बाद राज्य को और अधिक रेल परियोजनाओं एवं नई ट्रेनों की सौगात मिलेगी। उन्होंने बताया कि वन्यजीव संरक्षण संबंधी प्रतिबंधों के कारण कुछ रेलखंडों पर ट्रेनों की गति नियंत्रित रखनी पड़ती है। इस विषय पर उत्तराखंड सरकार, वन विभाग तथा रेलवे के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसा समाधान निकाला जाएगा, जिससे सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ रेल संचालन की गति भी बढ़ाई जा सके।
रेल मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए नई एवं विस्तारित 20 रेल सेवाएं प्रारंभ की जा चुकी हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत राज्य के रेलवे स्टेशनों का तेजी से पुनर्विकास किया जा रहा है तथा निर्माण कार्य पूर्ण होते ही उनका लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन को फीडर स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे देहरादून एवं हरिद्वार रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का दबाव कम होगा। उन्होंने इस नई रेल सेवा के शुभारंभ में माननीय सांसद श्री अनिल बलूनी के सतत प्रयासों की विशेष सराहना की। साथ ही माननीय रेल मंत्री ने उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के राज्य में रेल परियोजनाओं और नई रेल सेवाओं में वृद्धि हेतु सतत प्रयासों को भी सराहा।
उन्होंने कहा कि इस नई रेल सेवा से यात्रियों को प्रदेश की राजधानी देहरादून एवं तीर्थनगरी हरिद्वार की यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी तथा अनेक यात्री एक ही दिन में अपने कार्य पूर्ण कर वापस लौट सकेंगे। साथ ही जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों एवं उत्तराखंड के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस राज्य की विकास यात्रा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह केवल एक नई रेल सेवा नहीं, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल के बीच विकास, संपर्क और नए अवसरों की मजबूत जीवनरेखा बनेगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिकता, सुरक्षा, तकनीकी उन्नयन और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन का साक्षी बनी है। वंदे भारत एवं नमो भारत जैसी अत्याधुनिक ‘मेड इन इंडिया’ ट्रेनों ने देश की तकनीकी क्षमता को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तीव्र गति से कार्य चल रहा है, जिससे राज्य के सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक एवं पर्यटन विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड रेल बजट प्राप्त हुआ है तथा वर्तमान में राज्य में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेल परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है।
इस अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं माननीय सांसद (लोकसभा) हरिद्वार श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, माननीय सांसद (लोकसभा) गढ़वाल श्री अनिल बलूनी तथा माननीय विधायक रामनगर श्री दीवान सिंह बिष्ट ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए रामनगर–देहरादून–रामनगर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस के शुभारंभ को उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया तथा माननीय प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने सभी सम्मानित अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख विभागाध्यक्षगण तथा इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।
गाड़ी संख्या 15310/15309 रामनगर–देहरादून–रामनगर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन 05 अगस्त, 2026 से प्रारंभ होगा।
गाड़ी संख्या 15310 रामनगर–देहरादून द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार एवं शुक्रवार को रामनगर से प्रातः 05:50 बजे प्रस्थान करेगी तथा काशीपुर 06:22 बजे, रोशनपुर 06:40 बजे, पीपलसाना 06:52 बजे, मुरादाबाद 08:21 बजे, नजीबाबाद 09:41 बजे एवं हरिद्वार 11:10 बजे से प्रस्थान करते हुए 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 15309 देहरादून–रामनगर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार एवं शुक्रवार को देहरादून से 15:55 बजे प्रस्थान करेगी तथा हरिद्वार 17:32 बजे, नजीबाबाद 18:28 बजे, मुरादाबाद 20:30 बजे, पीपलसाना 21:48 बजे, रोशनपुर 22:05 बजे एवं काशीपुर 22:50 बजे से प्रस्थान करते हुए 23:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।
(सुमित कुमार)
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी
सांसद अजय भट्ट ने किया मां अवंतिका धाम में नवनिर्मित विकास कार्यों का लोकार्पण