कबाड़ से कला पर कार्यक्रम आयोजित रेलवे की अनूठी पहल
बरेली, 28 सितम्बर 2026ः रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली एवं पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय के निर्देशानुसार इज्जतनगर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में तथा यांत्रिक (ई.एन.एच.एम.) के तत्वावधान में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत आज मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर ’स्वच्छता से समृद्धि अभियान’ के तहत ‘कबाड़ से जुगाड़/कबाड़ से कला’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अभियान के दौरान मण्डल के लोको शेड, ट्रेन सेट, स्टेशनों, यार्ड, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य एवं रेलपथ) कार्यालयों सहित पीलीभीत, काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआं, रुद्रपुर सिटी, काशीपुर, बरेली सिटी, इज्जतनगर, कासगंज, हाथरस, फर्रुखाबाद, कन्नौज आदि स्टेशनों आदि जगहों पर वर्षों से पड़े अनुपयोगी रेल स्क्रैप – जैसे पुराने उपकरण, कोच के बेकार पुर्जे, लोहे के टुकड़े और धातु स्क्रैप को पृथक कर अलग किया गया। रेल कर्मियों को स्वच्छता के साथ निराकृत सामग्री से उपयोगी वस्तुओं को प्रथककर कर पुनः उपयोग में लाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेला एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य स्टेशन पर कार्यरत थोक कचरा उत्पादकों जैसे स्टेशन वेंडर्स, कैंटीन एवं खान-पान स्टॉलों को अधिकृत ’रीसाइक्लर मेसर्स स्वयंभू इनोवेटिव सॉल्यूशंस प्रा. लिमिटेड’ से जोड़ना था। कार्यक्रम के दौरान प्लास्टिक कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, जिम्मेदारीपूर्ण निस्तारण और रीसाइक्लिंग पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान उपस्थित वेंडर्स एवं अन्य हितधारकों को सतत् प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन की उत्तम पद्धतियों के बारे में जागरूक किया गया और उन्हें प्लास्टिक कचरे को रीसाइक्लिंग के लिए उचित चैनल के माध्यम से भेजने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक, काठगोदाम, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक एवं पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसंपर्क अधिकारी
इज्जतनगर मंडल