रेलवे का व्यापक सफाई अभियान जारी
रेलवे ट्रैक एवं आसपास के क्षेत्रों की विशेष सफाई, सुरक्षित रेल संचालन के लिए चलाया जा रहा व्यापक अभियान
बरेली, 08 अक्टूबर 2026। रेलवे बोर्ड एवं पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय के निर्देशानुसार ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ के अंतर्गत इज्जतनगर मंडल में स्वच्छ एवं सुंदर रेलवे परिसर के साथ-साथ सुरक्षित एवं निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के निर्देशन में मंडल के प्रमुख स्टेशनों एवं रेलखंडों पर रेलवे ट्रैक तथा उसके आसपास के क्षेत्रों की विशेष सफाई की जा रही है।
अभियान के अंतर्गत बरेली सिटी, इज्जतनगर, बदायूँ, कासगंज, हाथरस सिटी, फर्रुखाबाद, पीलीभीत, लालकुआँ, हल्द्वानी, काठगोदाम, काशीपुर, रामनगर एवं रुद्रपुर सिटी सहित अन्य स्टेशनों एवं रेलखंडों में ट्रैक के किनारे जमा कूड़ा-कचरा, मलबा, झाड़ियां एवं अन्य अवांछित सामग्री हटाई जा रही है। लेवल क्रॉसिंग तथा रेलवे परिसरों के आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष सफाई कराई जा रही है। अधिक मात्रा में जमा कचरे एवं झाड़ियों को हटाने के लिए आवश्यकता के अनुसार जेसीबी एवं अन्य मशीनरी का उपयोग किया जा रहा है।
सफाई कार्य में गैंग स्टाफ, ट्रैकमैन, आउटसोर्स स्टाफ, एनजीओ सहित इंजीनियरिंग एवं अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई है। पूर्व में चिह्नित पुराने कचरे के ढेर को भी अभियान के दौरान प्राथमिकता के आधार पर साफ किया जा रहा है।
रेल प्रशासन द्वारा सफाई के दौरान निकलने वाले कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कर्मचारियों एवं संबंधित लोगों को रीसायकल योग्य प्लास्टिक, मेटल एवं ई-वेस्ट तथा गैर-रीसायकल एवं जैव अपघटनीय कचरे को अलग-अलग रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है, ताकि कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
रेल प्रशासन ने आम नागरिकों, दुकानदारों एवं आसपास के प्रतिष्ठानों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक एवं रेलवे भूमि पर कूड़ा, मलबा अथवा अन्य अपशिष्ट न डालें। ट्रैक के आसपास कचरा जमा होने से सफाई कार्य के साथ-साथ रेल परिचालन एवं संरक्षा संबंधी कार्य प्रभावित हो सकते हैं। रेलवे प्रशासन द्वारा स्थानीय निकायों एवं संबंधित संस्थानों के सहयोग से ऐसे स्थानों पर नियमित सफाई एवं जनजागरूकता पर भी जोर दिया जा रहा है।
स्वच्छ रेलवे परिसर केवल रेलवे की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिकों की सहभागिता से ही स्थायी रूप से स्वच्छ बनाया जा सकता है।
स्वच्छ रेल–स्वच्छ शहर, सुरक्षित रेल संचालन में हम सबकी भागीदारी है।
जनसंपर्क अधिकारी
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर


पंतनगर यूनिवर्सिटी सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय ने आंगनबाड़ी केंद्र को गोद लिया