रेलवे ने चलाया विशेष गहन सफाई अभियान
बरेली, 07 अक्टूबर 2026। रेलवे बोर्ड एवं पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय के निर्देशानुसार ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ के अंतर्गत स्वच्छ एवं सुंदर रेलवे परिसर के साथ-साथ सुरक्षित एवं सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इज्जतनगर मंडल में विशेष गहन सफाई अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के निर्देशन में कानपुर अनवरगंज-मंधना रेलखंड के मध्य रेलवे ट्रैक एवं आसपास के क्षेत्रों की विशेष सफाई रेलवे प्रशासन एवं कानपुर नगर निगम के संयुक्त सहयोग से चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे फेंका गया पड़ा मलबा तथा जमा कूड़े-कचरे को हटाया जा रहा है। इसके साथ ही लेवल क्रॉसिंग एवं अन्य रेलवे परिसरों के आसपास जमा कचरे का निस्तारण किया जा रहा है। अधिक मात्रा में कचरा अथवा झाड़ियों को हटाने के लिए आवश्यकता के अनुसार मशीनरी एवं जेसीबी की सहायता भी ली जा रही है।
रेल प्रशासन एवं कानपुर नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से आम नागरिकों एवं आसपास के प्रतिष्ठानों से विशेष अपील की गई है कि रेलवे ट्रैक, ट्रैक के किनारे अथवा रेलवे भूमि पर किसी भी प्रकार का कूड़ा-कचरा न डालें। कचरे को निर्धारित स्थान अथवा डस्टबिन में ही डालें तथा रेलवे क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।
रेलवे ट्रैक के किनारे फेंके गए खाद्य अपशिष्ट के कारण मवेशी उसे खाने के लिए ट्रैक पर आ सकते हैं, जिससे कैटल रन ओवर की आशंका बढ़ती है। इससे रेल परिचालन प्रभावित होने के साथ-साथ मवेशियों के जीवन को भी खतरा रहता है। अतः रेलवे ट्रैक एवं उसके आसपास कूड़ा न डालना सुरक्षित रेल संचालन में नागरिकों की महत्वपूर्ण भागीदारी है।
सफाई अभियान के दौरान एकत्रित कचरे को निस्तारण से पूर्व स्रोत पर ही अलग-अलग करने के लिए कर्मचारियों एवं संबंधित लोगों को जागरूक किया जा रहा है। रीसायकल योग्य प्लास्टिक, मेटल एवं ई-वेस्ट तथा गैर-रीसायकल एवं बायोडिग्रेडेबल कचरे को अलग-अलग रखने की जानकारी दी जा रही है। पूर्व में चिह्नित पुराने कचरे के ढेरों को भी अभियान के दौरान हटाया जा रहा है।
इज्जतनगर मंडल के बरेली सिटी, इज्जतनगर, बदायूँ, कासगंज, हाथरस सिटी, फर्रुखाबाद, पीलीभीत, लालकुआँ, हल्द्वानी, काठगोदाम, काशीपुर, रामनगर एवं रुद्रपुर सिटी सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों एवं रेलखंडों पर भी व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में गैंग स्टाफ, ट्रैकमैन, आउटसोर्स स्टाफ एवं संबंधित विभागों के कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
रेल प्रशासन द्वारा आम नागरिकों एवं प्रतिष्ठानों से पुनः अपील की जाती है, कि रेलवे ट्रैक एवं रेलवे भूमि को कूड़ा डालने का स्थान न बनाएं। स्वच्छ रेलवे परिसर के साथ सुरक्षित रेल संचालन में सहयोग करें। स्वच्छ रेल–स्वच्छ शहर, हम सबकी जिम्मेदारी।
जनसंपर्क अधिकारी
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जत नगर


राजस्व गांव को लेकर क्रमिक अनशन पर बैठे पिता-पुत्र , रफ्तार पकड़ता इंडिया गठबंधन का आंदोलन
आंगनबाड़ी केंद्र में मना आंगन मिलन कार्यक्रम