महिला सशक्तिकरण पर रेलवे ने किया सेमिनार का आयोजन
बरेली, पूर्वाेत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल में आज महिला सशक्तिकरण को समर्पित एक विशेष सेमिनार का आयोजन ऑफिसर्स क्लब, रोड नंबर-2, इज्जतनगर में किया गया। सेमिनार की मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने सेमिनार का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
कार्यक्रम के आरम्भ में मण्डल कला समिति श्रीमती दिवीता अग्निहोत्री द्वारा ‘मॉ श्रद्धाये’ गीत प्रस्तुत किया गया। इसके उपरान्त कार्यक्रम में उपस्थित डॉ संगीता शर्मा (स्त्री रोग विशेषज्ञ, रेलवे चिकित्सालय), सुश्री रश्मि शर्मा (शाखा प्रबंधक पीएनबी), सुश्री श्रद्धा सक्सेना (वकील) तथा सचिव मण्डल महिला कल्याण संगठन इज्जतनगर श्रीमती निधि श्रीवास्तव, नवनियुक्त सहायक परिचालन प्रबंधक कोचिंग सुश्री आकांक्षा गुप्ता विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा महिलाओं के अधिकार, आत्मनिर्भरता, स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा तथा कार्यस्थल पर महिलाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता ही नहीं, बल्कि मानसिक, सामाजिक एवं भावनात्मक रूप से मजबूत होना भी है। इस दौरान महिला कर्मचारियों को सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य जांच एवं कानूनी अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यस्थल पर महिलाओं को समान अवसर, सम्मानजनक वातावरण, सुरक्षा तथा नेतृत्व के अवसर प्रदान करना रेलवे की प्राथमिकता है।
इसके उपरान्त नर्सिंग अधीक्षक, इज्जतनगर कुमारी गौरी ने ‘तुम मुझको कब तक रोकोगे’ शीर्षक कविता तथा प्वाइंटसमैन सुश्री भावना राणा द्वारा गीत प्रस्तुत किया गया। इस दौरान मंडल में कार्यरत महिला कर्मचारियों पर आधारित ‘नारीशक्ति’ विषयक प्रजेंटेशन प्रस्तुत की गयी।
मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं रेलवे सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं। महिला सशक्तिकरण तभी सार्थक होगा जब महिलाएं स्वयं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों, आत्मविश्वासी बनें और एक-दूसरे का सहयोग करें। उन्होंने मंडल में कार्यरत सभी महिला कर्मचारियों के योगदान की सराहना की तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि इज्जतनगर मंडल महिला कर्मचारियों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं प्रेरणादायक कार्य वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
सेमिनार का उद्देश्य महिला कर्मचारियों में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा कार्यस्थल पर समानता एवं सम्मान की संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम का संचालन सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती जीनत कमर अंसारी तथा धन्यवाद ज्ञापन सहायक कार्मिक अधिकारी/द्वितीय श्री शिशुओम दीक्षित द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में मंडल की महिला अधिकारी, महिला कर्मचारी, रेलवे महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कृते जनसंपर्क अधिकारी
पूर्वाेत्तर रेलवे, इज्जतनगर


28 वां बाल प्रतिभा सम्मान समारोह 22 को
कांग्रेस नेता हरेंद्र बोरा ने दीं ईगास पर्व की शभकामनाएं