रेल संरक्षा के प्रति किया जागरूक
नुक्कड़ नाटक एवं जनसंवाद के माध्यम से ग्रामीणों को रेल संरक्षा के प्रति किया जागरूक
बरेली, 30 अक्टूबर 2026। मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी सुश्री रिकिता के निर्देशन में आज ग्रामसभा पीपलसाना चैधरी, भोजीपुरा, बरेली में ग्राम प्रधान के सहयोग से रेल संरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत जनसभा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक एवं रेलवे अधिकारियों द्वारा संवाद के माध्यम से स्कूली छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों तथा सड़क उपयोगकर्ताओं को रेल संरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान लोगों को अनाधिकृत स्थानों से रेलवे ट्रैक पार न करने, केवल निर्धारित रेलवे समपार फाटकों का उपयोग करने, फाटक बंद होने पर गेटमैन पर अनावश्यक दबाव न डालने तथा रेलवे ट्रैक एवं विद्युत पोल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई।
इसके अतिरिक्त रेलवे लाइन के समीप पशुओं को न चराने, ट्रैक पार करते समय हेडफोन का प्रयोग न करने तथा रेलवे लाइन के पास पतंग न उड़ाने जैसे महत्वपूर्ण संरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान संरक्षा संदेशों से युक्त हैण्डबिल एवं पोस्टर वितरित कर लोगों को मौखिक रूप से भी जागरूक किया गया।
इस जागरूकता अभियान में मंडल संरक्षा अधिकारी श्री राकेश कुमार, संरक्षा सलाहकार (यातायात, इंजीनियरिंग एवं विद्युत टीआरडी), सेक्शन यातायात निरीक्षक, सेक्शन रेलपथ निरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारी तथा भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की।
इस दौरान रेल प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे रेल संरक्षा नियमों का पालन करें तथा स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में रेलवे का सहयोग करें।
जनसंपर्क अधिकारी
इज्जतनगर मंडल


करवाचौथ पर पढ़िए डॉ अखिलेश चमोला का ज्ञान वर्धक आलेख