इज्जत नगर मंडल में राजभाषा सप्ताह समारोह का शुभारंभ

ख़बर शेयर करें

इज्जतनगर मंडल में राजभाषा सप्ताह समारोह-2026 का शुभारम्भ

  बरेली, राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार एवं रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल में 14 सितंबर से 18 सितम्बर, 2026 तक राजभाषा सप्ताह समारोह-2026 का उत्साहपूर्ण शुभारम्भ किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, इज्जतनगर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार सहित सभी शाखाधिकारियों एवं रेल कर्मचारियों ने राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार, कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग तथा हिन्दी के प्रति सकारात्मक एवं प्रेरणादायी वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के संदेश का वाचन किया।
राजभाषा सप्ताह के अंतर्गत रेल कर्मचारियों की हिन्दी के प्रति रुचि एवं कार्य-दक्षता बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज ‘हिन्दी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता’ राजभाषा कक्ष में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कार्यालयीन कार्यों में प्रयुक्त होने वाली नेमी टिप्पणियों, राजभाषा से संबंधित प्रश्नों तथा हिन्दी-अँग्रेजी के पर्याय एवं शब्दार्थ आदि विषयों को शामिल किया गया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य रेल कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के सरल, सहज एवं प्रभावी प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनके भाषायी ज्ञान एवं लेखन-कौशल को विकसित करना है। प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी हिन्दी भाषा संबंधी दक्षता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी सह राजभाषा अधिकारी श्री बबलू ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में इज्जतनगर मंडल के विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत रेल कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कृते जनसंपर्क अधिकारी
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर