हादसा : हल्दूचौड़ में छत से गिरकर महिला की मौत

ख़बर शेयर करें

हल्दूचौड़। क्षेत्र के बमेटा बंगर खीमा स्थित हनुमान मंदिर रोड पर बने तारा कॉम्प्लेक्स में एक दर्दनाक हादसा हो गया। कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा जनपद के गौना निवासी जीवन कुमार, जो इंडियन ऑयल की गाड़ी में क्लीनर के रूप में कार्यरत हैं, पिछले तीन वर्षों से अपनी पत्नी मुन्नी देवी (30) और दो छोटे बच्चों के साथ तारा कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर किराए पर रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि किसी कारणवश मुन्नी देवी तीसरी मंजिल से नीचे गिर गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों और व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष भास्कर सुयाल की मदद से उन्हें तत्काल निजी वाहन से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय महिला का पति ड्यूटी पर था। महिला की असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव अल्मोड़ा भेज दिया गया है।