बरेली, 13 अक्टूबर, 2026। भारतीय रेल पर 01 से 15 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में इज्जतनगर मंडल द्वारा स्वच्छता एवं प्रभावी कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती जीनत कमर अंसारी ने इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से जनसंवाद कर उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया तथा उनके सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए। उन्होंने यात्रियों से स्टेशन, प्लेटफॉर्म एवं रेल परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए सूखे एवं गीले कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के अंतर्गत रेलवे कर्मचारियों, ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग (ई.एन.एच.एम.) कर्मचारियों, पेंट्री एवं कैटरिंग स्टाफ एवं स्टेशन वेंडरों को भी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों, कचरे के पृथक्करण और उसके उचित निस्तारण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, रेलवे आवासीय कॉलोनियों में भी स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाकर रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों को घरेलू कचरे के उचित संग्रहण, सूखे एवं गीले कचरे के पृथक्करण तथा निर्धारित स्थानों पर कचरा डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इज्जतनगर मंडल का स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने और रेलवे स्टेशनों, रेल परिसरों एवं आवासीय कॉलोनियों में स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में सदैव तत्पर है।
जनसंपर्क अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर