यहां राज्यपाल ने स्वयं सहायता समूहों का उत्साह वर्धन किया

ख़बर शेयर करें

राजभवन सूचना परिसर, उत्तराखण्ड
प्रेस विज्ञप्ति

राज्यपाल ने स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी का किया अवलोकन, महिलाओं की आत्मनिर्भरता और नवाचार की सराहना की

राजभवन नैनीताल 12 जून, 2025

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने राजभवन नैनीताल में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा आयोजित उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में नैनीताल जिले के ब्लॉक भीमताल, कोटाबाग, धारी, रामगढ़, हल्द्वानी एवं रामनगर की महिलाओं ने अपने-अपने उत्पाद प्रदर्शित किए। राज्यपाल ने प्रदर्शनी में रखे गए उत्पादों, वुडन कलाकृतियाँ, ऐपण कला, बेकरी उत्पाद, अचार, जैम, हस्तशिल्प और मसालों का अवलोकन किया और महिलाओं की रचनात्मकता, गुणवत्ता व नवाचार की सराहना की। उन्होंने कहा कि “उत्तराखण्ड की मातृशक्ति न केवल प्रतिभावान है, बल्कि आत्मनिर्भरता की सशक्त मिसाल भी है।”

राज्यपाल ने कहा कि विगत वर्ष की तुलना में उत्पादों में नवाचार और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने उत्पादों में और अधिक वैल्यू एडिशन करने की आवश्यकता जताते हुए कहा कि इससे उत्पादों की बाजार में मांग और कीमत दोनों बढ़ेंगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अच्छा कार्य कर रहे समूहों की सफलता की कहानियाँ तैयार की जाएं और उन्हें प्रचारित किया जाए, ताकि अन्य महिलाएं भी प्रेरणा ले सकें।

राज्यपाल ने प्रसन्नता व्यक्त की कि कई महिला समूह अपने उत्पादों को देश-विदेश तक पहुँचा रहे हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है और  अर्थव्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इन "लोकल से ग्लोबल’ की दिशा में यह महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि महिला समूहों को पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग में सहयोग देने हेतु विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

इस अवसर पर अधिकारियों ने राज्यपाल को महिला स्वयं सहायता समूहों के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन हेतु प्रकाशित पुस्तक “उजाले की ओर बढ़ते कदम” भेंट की। इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर, सीडीओ अनामिका, सहायक परियोजना निदेशक ग्रामीण विकास चंद्रा फर्त्याल और ग्रामीण विकास के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
……….0……….

Advertisement
ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad