रेलवे ने धूमधाम से मनाया 80 वां स्वतंत्रता दिवस
बरेली, 16 अगस्त, 2026। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम, इज्जतनगर में आयोजित भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा ने ध्वजारोहण किया तथा रेलवे सुरक्षा बल, नागरिक सुरक्षा संगठन एवं भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा प्रस्तुत परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं देशभक्तों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग, बलिदान एवं संघर्ष के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल देश की प्रगति एवं विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और पूर्वोत्तर रेलवे का इज्जतनगर मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में जुलाई, 2026 तक मंडल को 216.21 करोड़ रुपये का रेल राजस्व प्राप्त हुआ है, जो गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में 3.37 प्रतिशत अधिक है। मंडल द्वारा उपलब्ध कराई जा रही रेल परिवहन सुविधाओं के प्रति यात्रियों का विश्वास निरंतर सुदृढ़ हुआ है। परिणामस्वरूप जुलाई, 2026 के अंत तक 25.40 मिलियन यात्रियों का परिवहन किया गया, जो गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में 3.21 प्रतिशत अधिक है। इसी प्रकार, वित्तीय वर्ष के जुलाई माह के अंत तक कुल 316 रेक की लोडिंग से 60.53 करोड़ रुपये का रेल राजस्व प्राप्त हुआ। मंडल का जुलाई, 2026 तक समयपालन 91.45 प्रतिशत रहा, जिसमें 06 दिन गाड़ियों का समयपालन शत-प्रतिशत रहा।
रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वर्ष 2025-26 तथा अप्रैल से जुलाई, 2026 तक मंडल में कोई परिणामी दुर्घटना घटित नहीं हुई है। रेल संरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण कार्यों, जैसे समपारों की इंटरलॉकिंग, समपारों पर इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग बैरियर एवं स्लाइडिंग बूम बैरियर का प्रावधान तथा रेलवे ट्रैक के किनारे फेंसिंग लगाने का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ के रूप में पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जा रहा है।
यात्रियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए इस वित्तीय वर्ष में जुलाई, 2026 तक 04 जोड़ी नई नियमित गाड़ियों का संचालन प्रारंभ किया गया है। इनमें गाड़ी संख्या 15303/15304 कासगंज-नई दिल्ली-कासगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस, 17631/17632 टनकपुर-नांदेड-टनकपुर एक्सप्रेस, 15310/15309 रामनगर-देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस तथा 15312/15311 कासगंज-ऐशबाग-कासगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए अप्रैल से जुलाई, 2026 तक 433 ट्रिप स्पेशल गाड़ियों का संचालन किया गया। मंडल में यात्रियों की सुविधा के लिए 13 एस्केलेटर एवं 07 लिफ्ट स्थापित किए गए हैं।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मंडल के 17 स्टेशनों में से हाथरस सिटी, उझानी, बरेली सिटी एवं इज्जतनगर स्टेशन पुनर्विकसित हो चुके हैं। मंडल में ट्रेन सूचना प्रणाली को उन्नत करते हुए कुल 07 स्टेशनों पर एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली (आई.पी.आई.एस.) स्थापित की गई है, जो राष्ट्रीय ट्रेन सूचना प्रणाली (एन.टी.ई.एस.) से संबद्ध रहेगी। इससे यात्रियों को ट्रेनों के संचालन एवं समय से संबंधित सटीक जानकारी प्राप्त हो सकेगी।
ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पूर्वोत्तर रेलवे के मंडलीय चिकित्सालय, इज्जतनगर को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया है। कार्मिक कल्याण के क्षेत्र में 188 मृत कर्मचारियों के सभी पात्र आश्रितों को एन.पी.एस. की धनराशि का भुगतान कराया गया। इज्जतनगर मंडल में जनवरी से जुलाई, 2026 के मध्य विभिन्न श्रेणियों के 428 कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की गई तथा 134 पात्र कर्मचारियों को एम.ए.सी.पी. का लाभ दिया गया। अप्रैल से जुलाई, 2026 तक 67 संविदा भूतपूर्व सैनिकों को कांटा वाला तथा 75 संविदा भूतपूर्व सैनिकों को गेटमैन के पद पर पदस्थापित किया गया।
खेल के क्षेत्र में आगामी एशियन गेम्स-2026 में इज्जतनगर मंडल की महिला एथलीट सुश्री प्रियंका गोस्वामी ने 10 किलोमीटर वॉक रेस के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई है। वह एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। मंडल में जनवरी से जुलाई, 2026 तक कुल 35 खोए, लावारिस एवं घर से भागे बच्चों का रेस्क्यू कर उन्हें उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया। मंडल द्वारा लगभग 70 प्रतिशत मदों की खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से ‘मेक इन इंडिया’ एवं एम.एस.एम.ई. प्रतिष्ठानों को प्रोत्साहित करने की नीति के अनुरूप की जा रही है। साथ ही सर्विस कॉन्ट्रैक्ट भी जेम पोर्टल के माध्यम से किए जा रहे हैं।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल 68,175 पौधों का रोपण किया गया है। वर्ष 2026 में रेल यात्रियों के प्रति अपनी सामाजिक एवं व्यावसायिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए इज्जतनगर मंडल के चिकित्सा विभाग द्वारा यात्रा के दौरान अस्वस्थ हुए 111 यात्रियों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराकर उनकी यात्रा को सुगम बनाया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन (नरवो), इज्जतनगर द्वारा संचालित गीतांजलि प्राइमरी स्कूल, गीतांजलि जूनियर हाई स्कूल, मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल तथा केंद्रीय विद्यालय, पूर्वोत्तर रेलवे के बच्चों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, योगाभ्यास एवं पी.टी. शो की भव्य प्रस्तुति दी। ताइक्वांडो के बच्चों ने अद्भुत एवं रोमांचकारी करतब प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। सभी प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
रोड संख्या-4 स्थित स्काउट कुटीर में पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट एवं गाइड, इज्जतनगर द्वारा भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया।
मंडल चिकित्सालय में नवनिर्मित आई.सी.यू. का उद्घाटन समारोह के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने मंडल चिकित्सालय, इज्जतनगर में नवनिर्मित सर्जिकल एवं मेडिकल आई.सी.यू. का स्वास्थ्य कर्मियों के साथ फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके साथ ही आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित प्री-ऑपरेटिव, नेत्र शल्य, माइनर ओ.टी. एवं स्टेरिलाइजेशन कक्ष का भी उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंध श्री मनोज कुमार, समस्त शाखाधिकारी, महिला कल्याण संगठन ( नरवो), इज्जतनगर के पदाधिकारी एवं सदस्याएं, रेल कर्मी, स्कूली बच्चें एवं आम जनमानस भारी संख्या में उपस्थित थे।
जनसम्पर्क अधिकारी
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर
बिंदुखत्ता में कांग्रेस ने किया तिरंगा रैली का आयोजन