रेलवे का विश्व पर्यावरण दिवस महा अभियान जोर-शोर से

ख़बर शेयर करें

विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत “हरित एवं सतत रेलवे संचालन” विषय पर जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

बरेली, 27 मई, 2026ः रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार एवं मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत आज पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों एवं रेलवे परिसरों में किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों के मध्य पर्यावरण अनुकूल व्यवहार को बढ़ावा देना है।

इस अभियान के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” पहल के तहत विभिन्न रेलवे स्टेशनों यथा-बरेली सिटी, इज्जतनगर, काठगोदाम, हल्द्वानी, काशीपुर, रुद्रपुर सिटी, लालकुआं, बहेड़ी, कासगंज, हाथरस सिटी, फर्रुखाबाद, पीलीभीत एवं टनकपुर तथा अन्य रेलवे स्टेशनों के परिसरों, रेलवे कॉलोनियों, कार्यालयों एवं रेलवे भूमि पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलवे कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों द्वारा छायादार, फलदार एवं पर्यावरण हितैषी पौधों का रोपण कर हरित वातावरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। रेलवे कॉलोनियों में सतत जीवन शैली एवं पर्यावरण संरक्षण के संबंध में जागरूकता अभियान भी आयोजित किए गए। इस दौरान रेलवे कर्मचारियों एवं निवासियों को प्लास्टिक के उपयोग में कमी, जल एवं विद्युत संरक्षण, कचरा पृथक्करण, पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण तथा स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में जागरूक किया गया।

इसके अतिरिक्त ई-कचरे के पर्यावरणीय दुष्प्रभाव, उसके उचित संग्रहण, निस्तारण एवं पुनर्चक्रण के संबंध में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रतिभागियों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के अनुचित निस्तारण से होने वाले नुकसान तथा पर्यावरण संरक्षण हेतु सुरक्षित एवं जिम्मेदार पुनर्चक्रण प्रक्रियाओं को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

(संजीव शर्मा)
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक,
इज्जतनगर।

Advertisement
ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad