जबरदस्त बारिश के बीच रेल महकमा अलर्ट मोड पर
बरेली, । उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा एवं तेज हवाओं के कारण उत्पन्न चुनौतीपूर्ण मौसम परिस्थितियों के बीच रेल परिचालन को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के रेल अधिकारी एवं कर्मचारी पिछले 60 घंटे से अधिक समय से दिन-रात लगातार अथक प्रयास कर रहे हैं।
मंडल के रावतपुर–कासगंज–मथुरा जं.–बरेली–भोजीपुरा–लालकुआँ–काठगोदाम, कटघर–रामनगर–काशीपुर–लालकुआँ तथा पूरनपुर–भोजीपुरा सहित सभी प्रमुख रेलखंडों पर रेल पथ, पुलों, ओएचई, सिगनल एवं दूरसंचार व्यवस्था, स्टेशनों तथा अन्य महत्वपूर्ण रेल परिसंपत्तियों की निरंतर निगरानी की जा रही है।
इस चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में इंजीनियरिंग, परिचालन, विद्युत, सिगनल एवं दूरसंचार, कैरेज एवं वैगन, वाणिज्य, रेलवे सुरक्षा बल, चिकित्सा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्यरत हैं। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों की टीमें सतर्क रखी गई हैं तथा जल निकासी हेतु अतिरिक्त पम्पों की व्यवस्था की गई है।
मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा द्वारा मंडल नियंत्रण कक्ष से ट्रेनों के परिचालन एवं विभिन्न रेलखंडों की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। वह संबंधित अधिकारियों से पल-पल की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही हैं तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित कर रही हैं।
मंडल रेल प्रबंधक ने विषम मौसम परिस्थितियों में लगातार दिन-रात ड्यूटी पर तैनात रेलकर्मियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवाभाव की सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्ण सतर्कता, सावधानी एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
रेल प्रशासन यात्रियों एवं आमजन से अपील करता है कि प्रतिकूल मौसम एवं भारी वर्षा को देखते हुए अनावश्यक रूप से रेल पटरियों, रेलवे पुलों, ट्रैक के आसपास अथवा अन्य संवेदनशील रेलवे क्षेत्रों में न जाएँ। किसी भी असामान्य स्थिति, जलभराव अथवा रेल परिसंपत्ति को हुए नुकसान की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित रेलवे अधिकारी अथवा कर्मचारी को सूचित करें।
जनसंपर्क अधिकारी
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर