रेलवे के इज्जत नगर मंडल अंतर्गत स्टेशनों पर जागरूकता अभियान का आयोजन
ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक-2026 के चौथे दिन खाद्य अपव्यय रोकने एवं सतत खाद्य प्रणालियों को बढ़ावा देने के लिए इज्जतनगर मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर जागरूकता अभियान आयोजित
बरेली, 04 नवम्बर 2026। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के अंतर्गत दिनांक 01 से 07 नवम्बर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक-2026’ के क्रम में आज चौथे दिन इज्जतनगर मंडल में ‘सतत खाद्य प्रणालियों को अपनाएं’ (Adopt Sustainable Food Systems) विषय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के समन्वय में मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों फतेहगढ़, फर्रुखाबाद, कासगंज, बरेली सिटी, इज्जतनगर, काठगोदाम, पीलीभीत, भोजीपुरा, लालकुआं, हल्द्वानी एवं रुद्रपुर सिटी सहित अन्य स्टेशनों पर यात्रियों, खानपान विक्रेताओं एवं रेल कर्मचारियों को भोजन की बर्बादी रोकने तथा खाद्य पदार्थों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया।
जागरूकता अभियान के दौरान यात्रियों को आवश्यकता के अनुसार ही भोजन लेने, भोजन को व्यर्थ न छोड़ने तथा खाद्य पदार्थों के अपव्यय से बचने का संदेश दिया गया। वहीं, खानपान विक्रेताओं को भोजन की मांग के अनुरूप उचित मात्रा में खाद्य सामग्री तैयार करने, खाद्य पदार्थों का समुचित भंडारण एवं प्रबंधन करने तथा बचे हुए खाद्य अपशिष्ट का निर्धारित डस्टबिन में उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर रेलकर्मियों एवं यात्रियों को बताया गया कि भोजन की बर्बादी रोकना प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। भोजन के उत्पादन से लेकर उपभोग तक प्रत्येक स्तर पर संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग आवश्यक है। सभी से दैनिक जीवन में जिम्मेदार खाद्य उपभोग की आदतें अपनाने तथा खाद्य अपव्यय को रोकने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई।
इज्जतनगर मंडल द्वारा ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक-2026’ के अंतर्गत प्रतिदिन निर्धारित विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रेल यात्रियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जनसंपर्क अधिकारी
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल


मिड डे मील की खराब गुणवत्ता पर नाराज हुए सीडीओ नैनीताल