रेलवे की सराहनीय पहल: बिछुड़ी मासूमों को परिवार से मिलाया

ख़बर शेयर करें

पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के कासगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट परिचय देते हुए वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने दो छोटी बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 09119 में यात्रा कर रही दो नाबालिग बच्चियां अपने परिजनों से बिछड़कर ट्रेन में ही रह गई थीं। इस संबंध में मंडल नियंत्रण कक्ष से सूचना प्राप्त होते ही ड्यूटी पर तैनात श्री राजेंद्र मीणा, उप मुख्य टिकट निरीक्षक तथा श्री मोहित कुमार, उप मुख्य टिकट निरीक्षक ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए संबंधित ट्रेन में बच्चियों की खोज प्रारंभ की।
गहन तलाश के उपरांत दोनों बच्चियां ट्रेन के एक सामान्य कोच में सुरक्षित अवस्था में मिलीं। इसके बाद दोनों कर्मचारियों ने बच्चियों को अपने संरक्षण में लेते हुए उन्हें सकुशल रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, कासगंज के सुपुर्द किया। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा आवश्यक सत्यापन एवं औपचारिकताएं पूर्ण करने के पश्चात दोनों बच्चियों को सुरक्षित रूप से उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
इस सराहनीय कार्य से कर्मचारियों की सतर्कता, त्वरित कार्यवाही एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय मिलता है। रेल प्रशासन ने दोनों कर्मचारियों की कर्तव्यपरायणता एवं समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके इस उत्कृष्ट कार्य की सराहना की है।
जनसंपर्क अधिकारी
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर

Advertisement
ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad