रेलवे ने उत्साह के साथ मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर इज्जतनगर मंडल में हुआ योगाभ्यास आयोजन।
बरेली, 21 जून 2026: ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग’’ थीम के अंतर्गत इज्जतनगर मंडल में आज ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’2026 उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम प्रातः 6:30 बजे रेलवे अधिकारी क्लब, इज्जतनगर में आयोजित किया गया, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार सहित रेलवे अधिकारियों, स्काउट-गाइड एवं नागरिक सुरक्षा संगठन के सदस्यों, रेल कर्मचारियों तथा उनके परिजनों ने सहभागिता की।
योग प्रशिक्षक डॉ. सुधांशु सिंह एवं डॉ. निधि सिंह द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायामों का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोलकाता से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लाखों लोगों के साथ किए गए योगाभ्यास का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने सभी को नियमित योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में ग्रीवा चालन, स्कंध संचालन, कटि चालन, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, पवनमुक्तासन, शवासन तथा कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली, भ्रामरी एवं ध्यान सहित विभिन्न योगाभ्यासों का प्रदर्शन कर उनके लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त मंडल में ट्रेन सेट शेड, सवारी एवं माल डिब्बा डिपो, इंजीनियरिंग एवं परिचालन प्रशिक्षण केंद्रों, लोको शेड, रेलवे सुरक्षा बल बैरक तथा बरेली सिटी, काठगोदाम, लालकुआँ, फर्रुखाबाद, रामनगर, कासगंज एवं पीलीभीत सहित विभिन्न स्टेशनों पर भी योग प्रशिक्षण एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मंडल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री संदीप सिंह के नेतृत्व एवं समन्वय में संपन्न हुआ।
(सफदर हुसैन)
जनसंपर्क अधिकारी
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर