पटेल जयंती पर रेलवे ने किया रन फॉर यूनिटी का आयोजन
राष्ट्रीय एकता दिवस पर रेलकर्मियों ने ली एकता एवं अखंडता की शपथ, आयोजित हुई एकता दौड़ एवं वाकाथन
बरेली, 31 अक्टूबर 2026। केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल में दिनांक 26 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ का आयोजन ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम के अंतर्गत किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मंडल में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ मनाया गया। इस अवसर पर इज्जतनगर स्थित रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम में राष्ट्रीय एकता शपथ, एकता दौड़ एवं वाकाथन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने उपस्थित रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा स्वयं को इसके लिए समर्पित करने की शपथ दिलाई। शपथ में सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता एवं उनके योगदान से देशवासियों को अवगत कराने तथा राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी लिया गया।
शपथ ग्रहण के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोड नंबर-04 से रेलवे अधिकारी क्लब, रोड नंबर-02 तक आयोजित एकता दौड़ एवं वाकाथन में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव एवं देश की अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री संदीप सिंह ने किया। इसी क्रम में यात्रियों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पर रेलकर्मियों द्वारा यात्रियों के समक्ष ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर एक नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया।
जनसंपर्क अधिकारी
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल


भाजपा नेता देवेंद्र बिष्ट की सराहनीय पहल, हल्दूचौड़ मां काली मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर