डीआरएम रेलवे के मार्मिक उद्बोधन से भावुक हुए रेलवे से सेवा निवृत अधिकारी कर्मचारी
बरेली,: पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में माह जून, 2026 में सेवानिवृत्त हुए 3 राजपत्रित अधिकारियों एवं 37 कर्मचारियों के सम्मान में रोड नं. 2 स्थित अधिकारी क्लब में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समापक राशि भुगतान परिपत्र, मेडिकल कार्ड तथा सेवानिवृत्ति से संबंधित अन्य दस्तावेज प्रदान कर उनके स्वस्थ, सुखमय एवं समृद्ध जीवन की कामना की।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों से अपने स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, जीवनभर की अर्जित पूंजी का विवेकपूर्ण निवेश करने तथा अपने अनुभवों से समाज एवं परिवार का मार्गदर्शन करते रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रेल सेवा के दौरान उनकी निष्ठा, समर्पण एवं कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के रेलकर्मियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री संदीप सिंह ने बताया कि इस माह सेवानिवृत्त होने वाले तीन राजपत्रित अधिकारियों में श्री ओ.पी. मीना (वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक), श्री ए.के. सिंह (उप मुख्य इंजीनियर/गति शक्ति) एवं श्री अनिल कुमार (सहायक परिचालन प्रबंधक) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के 37 कर्मचारियों को भी सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक के निर्देशानुसार इज्जतनगर मंडल में एक नई पहल प्रारंभ की गई है, जिसके अंतर्गत सेवानिवृत्ति से उत्पन्न रिक्तियों पर उसी दिन पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की जाती है। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाना तथा पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी बनाना है। इसी क्रम में इस माह भी विभिन्न विभागों के अनेक कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ प्रदान किया गया।
समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग सहित सभी शाखा अधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियनों एवं एसोसिएशनों के पदाधिकारी, रेलकर्मी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन उपस्थित थे।
कृते जनसम्पर्क अधिकारी
पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर