भाजपा सरकार पर जमकर बरसे कांग्रेस नेता इन्दर पाल आर्य

ख़बर शेयर करें

जनता की समस्याओं पर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी कांग्रेस : इन्दर पाल आर्य

बिंदुखत्ता, तिवारी नगर, बिंदुखत्ता स्थित कांग्रेस कार्यकर्ता पवन आर्या के निवास पर जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग, नैनीताल की संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष इन्दर पाल आर्य ने की। बैठक में संगठन की मजबूती, लालकुआँ विधानसभा की जनसमस्याओं, अनुसूचित जाति समाज से जुड़े मुद्दों तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाध्यक्ष इन्दर पाल आर्य ने कहा कि प्रदेश की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, जर्जर सड़कों, पेयजल संकट और कानून-व्यवस्था जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार जनहित के मुद्दों के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में पहली ही बरसात ने विकास कार्यों की वास्तविकता उजागर कर दी है। अनेक सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या आज भी बरकरार है और कई इलाकों में लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  एस आइ आर के तहत गलत तथ्य देकर बेवजह आपत्ति लगाने पर कांग्रेस में आक्रोश

उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के अधिकारों की रक्षा, युवाओं को रोजगार, शिक्षा में समान अवसर तथा सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज़ को मजबूती से उठाया जाएगा तथा उनके अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से निरंतर संघर्ष किया जाएगा।

प्रदेश सचिव (सोशल मीडिया) विनोद कुमार पिन्नू ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराध गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे मामलों में जनता पारदर्शी और निष्पक्ष न्याय की अपेक्षा रखती है। सरकार का दायित्व है कि अपराधियों के विरुद्ध समयबद्ध एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कर जनता का विश्वास कायम रखे। उन्होंने कहा कि कानून का भय समाप्त होना लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है।

यह भी पढ़ें 👉  पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी का ऋषि चिंतन

प्रदेश उपाध्यक्ष, अनुसूचित जाति विभाग राजपाल ने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के कल्याण से जुड़ी अनेक योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुँच पा रहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों से स्थापित होता है। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग समाज के हर वर्ग की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करेगा।

जिला महासचिव एवं कार्यक्रम संयोजक तारा चंद्र आर्य ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। मंदिर से जुड़े किसी भी प्रकार के आर्थिक या प्रशासनिक मामले में यदि अनियमितता या चोरी जैसी घटनाओं के आरोप सामने आते हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि देशवासियों की आस्था और विश्वास अक्षुण्ण बना रहे।

यह भी पढ़ें 👉  मिठाई की दुकानों का हुआ आकस्मिक निरीक्षण

बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा लालकुआँ विधानसभा में जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने निर्णय लिया कि सड़क, पेयजल, बेरोजगारी, अनुसूचित जाति समाज के अधिकार, महिलाओं की सुरक्षा तथा जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर जनता के बीच व्यापक अभियान चलाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक आंदोलन भी किए जाएंगे।

अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को घर-घर तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

बैठक में प्रदेश सचिव (सोशल मीडिया) विनोद कुमार पिन्नू, प्रदेश उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति विभाग राजपाल, जिला महासचिव एवं कार्यक्रम संयोजक तारा चंद्र आर्य, दीवान राम, पवन आर्या, रामकृष्ण प्रसाद, राजेंद्र प्रसाद, कमला देवी सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Advertisement
ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad