रेलवे ने किया शिक्षा अदालत का आयोजन

ख़बर शेयर करें

शिक्षा अदालत के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं आम जनमानस को रेल संरक्षा के प्रति किया जागरूक

  बरेली, 16 सितंबर। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर की मंडल रेल प्रबंधक, सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में फर्रुखाबाद-कन्नौज रेलखंड के मध्य तीन प्राथमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के साथ ‘शिक्षा अदालत’ आयोजित की गई तथा समपार संख्या 99/सी, 103/सी, 114/सी, 121/सी, 128/सी, 129/सी, 131/सी, 136/सी तथा 138/सी पर ग्रामीणों एवं सड़क उपयोगकर्ताओं को रेल संरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को रेलवे ट्रैक से संबंधित विभिन्न सुरक्षा सावधानियों की जानकारी प्रदान की गई, कि रेलवे ट्रैक को अनाधिकृत स्थानों से पार न करें तथा केवल अधिकृत रेलवे फाटकों से ही ट्रैक पार करें। साथ ही, गेटमैन पर रेलवे फाटक खोलने के लिए अनावश्यक दबाव न डालने के लिए भी जागरूक किया गया। साथ ही साथ रेलवे ट्रैक तथा विद्युत पोल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, पशुओं को रेलवे ट्रैक के पास न चराने, रेलवे लाइन के आसपास पतंग न उड़ाने, रेलवे ट्रैक पर सेल्फी न लेने तथा ट्रैक पार करते समय हेडफोन का प्रयोग न करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 650 हैंडबिल एवं पोस्टर वितरित कर रेल संरक्षा संबंधी संदेशों को अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य सुरक्षा एवं संरक्षा संबंधी सावधानियों को विद्यार्थियों एवं शिक्षकों तथा आम जनमानस तक पहुंचाना तथा रेल दुर्घटनाओं की रोकथाम में जनसहभागिता सुनिश्चित करना था।
इस अवसर पर संरक्षा सलाहकार (इंजीनियरिंग) एवं संरक्षा सलाहकार (लोको) उपस्थित थे।

जनसंपर्क अधिकारी
इज्जतनगर